सोशल मीडिया पर लगे आरोपों के बाद मंदिर समिति का एक्शन, जांच समिति गठित; दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन
देहरादून। अयोध्या राम मंदिर में दान संबंधी विवाद के बीच अब उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल आरोपों और धार्मिक संगठन भैरव सेना की शिकायत के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
आरोप है कि मंदिर में चढ़ावे की गिनती के दौरान कुछ कर्मचारियों द्वारा अनियमितता की गई। शिकायत में सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग भी की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिर समिति ने स्वतंत्र जांच समिति गठित कर संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। समिति का कहना है कि जांच निष्पक्ष होगी और यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। फिलहाल मामले में किसी कर्मचारी के दोषी होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच दान प्रबंधन की पारदर्शिता को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और सभी की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
