रायपुर: कृषि विश्वविद्यालय के हॉस्टल की छत का प्लास्टर गिरा, छात्र घायल; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

आधी रात हुए हादसे के बाद छात्रों का प्रदर्शन, जर्जर छात्रावासों की मरम्मत और कार्रवाई की मांग

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) के शिवम छात्रावास में गुरुवार देर रात एक कमरे की छत का प्लास्टर अचानक गिरने से एक छात्र घायल हो गया। छात्र के सिर में चोट आई, जिसे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियातन संबंधित हॉस्टल के छात्रों को अन्य कमरों में शिफ्ट कर दिया। शुक्रवार सुबह छात्रों ने हॉस्टलों की जर्जर स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई ने कुलपति के वाहन के सामने विरोध जताया, जबकि एबीवीपी ने ज्ञापन सौंपकर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और सभी छात्रावासों की तत्काल मरम्मत की मांग की।

घटना के बाद कुलपति प्रो. गिरीश चंदेल ने सोमवार को सभी हॉस्टल वार्डनों की बैठक बुलाई है। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. संजय शर्मा ने बताया कि घायल छात्र सुरक्षित है और सभी छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। फिलहाल हादसे के बाद छात्रों में हॉस्टलों की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!