रायपुर में सनातन का महाकुंभ आज से: पंडित देवकीनंदन ठाकुर के श्रीमुख से 7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

माना विमानतल पर हुआ ऐतिहासिक स्वागत, आज सुबह निकलेगी भव्य मंगल कलश यात्रा; बच्चों में संस्कार जागरण और सनातन चेतना होगा कथा का प्रमुख संदेश

रायपुर। राजधानी रायपुर आज से सात दिनों तक भक्ति, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के रंग में सराबोर रहने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन एवं विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में परम पूज्य पंडित देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के श्रीमुख से 8 से 14 जुलाई तक बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ातालाब, रायपुर में भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।


कथा प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व रायपुर आगमन पर माना विमानतल में पंडित देवकीनंदन ठाकुर जी का ढोल-नगाड़ों, जयघोष और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों सनातन प्रेमियों ने महाराज श्री का आत्मीय अभिनंदन किया। स्वागत के पश्चात विशाल रैली के रूप में उनका काफिला वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर पहुंचा, जहां रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने उनका स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महाराज श्री ने प्रभु श्रीराम के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा एवं प्रदेशवासियों के मंगल की कामना की।


इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा पंडित देवकीनंदन ठाकुर जी को रायपुर प्रवास के दौरान राजकीय अतिथि का दर्जा प्रदान किया गया, जिसे आयोजन समिति ने प्रदेश सरकार के प्रति सम्मान और श्रद्धा का विषय बताया।


आज प्रातः 8 बजे महामाया मंदिर से भव्य मंगल कलश यात्रा एवं शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कथा स्थल बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचेगी। इस कलश यात्रा में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, मंदिर समितियों, महिला मंडलों, मातृशक्ति समूहों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों की हजारों महिलाओं की सहभागिता रहेगी। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है।


आयोजन समिति ने बताया कि कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वयंसेवक, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। विभिन्न समितियों का गठन कर प्रत्येक व्यवस्था की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


यह उल्लेखनीय है कि लगभग 11 वर्ष पूर्व रायपुर में पंडित देवकीनंदन ठाकुर जी की तीन दिवसीय कृष्ण कथा आयोजित हुई थी। लंबे अंतराल के बाद अब श्रीमद्भागवत कथा के रूप में उनका पुनः आगमन राजधानी के श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर माना जा रहा है।


महाराज श्री का स्पष्ट संदेश है कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं, पारिवारिक संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कथा के माध्यम से वे विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को भारतीय संस्कृति, माता-पिता के सम्मान, शिक्षा के महत्व, अनुशासन, चरित्र निर्माण तथा सनातन जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को कथा में अवश्य लेकर आएं, ताकि आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ सके।


आयोजन समिति का विश्वास है कि यह श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में संस्कार, सद्भाव, राष्ट्रभक्ति और सनातन चेतना के जागरण का एक व्यापक अभियान सिद्ध होगी।


माना विमानतल पर स्वागत के दौरान प्रमुख रूप से योगेश अग्रवाल, राजकुमार राठी, शिवरतन गुप्ता, अशोक गुप्ता, रेखा साहू, कृतिका जैन, संजय चौधरी, राजेश अग्रवाल, राजीव अवस्थी, नवीन लोढ़ा, दर्शन सांखला, सुब्रत घोष, विनोद पहुआ, दीपक गुप्ता, आलोक पांडे, रोशनी मिश्रा, सीमा सिंह, निशा, राजेंद्र पारख, मालती साहू, रेखा शर्मा, रूबी सुराना, फुलमनी सोनवानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


कथा विवरण


कार्यक्रम: श्रीमद्भागवत कथा
व्यासपीठ: परम पूज्य पंडित देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज
तिथि: 8 से 14 जुलाई 2026
समय: प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से
स्थान: बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ा तालाब के सामने, बुढ़ापरा,
रायपुर (छत्तीसगढ़)


सनातन संस्कृति, परिवार और राष्ट्र निर्माण का संदेश देने वाली इस दिव्य कथा में रायपुर सहित प्रदेशभर के श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है।

#MinistryOfCulture, #MinistryOfTourism, #EkBharatShreshthaBharat, #IncredibleIndia, #SanatanJagran, #DharmSansad, #TempleCulture, #SpiritualLeadership, #HinduSamaj, #SanatanParivar, #BhagwatMahapuran, #KrishnaPrem, #DharmJagran, #CultureOfIndia, #DivyaBharat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!